logo

गलत शव के मामले में भारत सरकार की सफाई: ब्रिटेन के दावों पर क्या कहा विदेश मंत्रालय ने?

AIR_INDIA_PLANE.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
ब्रिटेन के टेबलॉयड अख़बार डेली मेल ने अपनी एक रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे के बाद ब्रिटेन भेजे गए कुछ शवों की पहचान में गड़बड़ी हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ पीड़ितों के परिजनों को उनके रिश्तेदारों के बजाय अज्ञात लोगों के शव या अवशेष सौंप दिए गए।

इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद भारत सरकार की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि सभी शवों को पूरी "संवेदनशीलता और सम्मान" के साथ संभाला गया, और सरकार इस विषय में उठी किसी भी चिंता को दूर करने के लिए ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।  

बीबीसी के अनुसार, जब इस रिपोर्ट को लेकर विदेश मंत्रालय से सवाल किया गया, तो प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा: "हमने यह रिपोर्ट देखी है और जब से यह मामला हमारे संज्ञान में आया है, हम ब्रिटेन के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हादसे के बाद तय नियमों और तकनीकी प्रक्रिया के अनुसार पीड़ितों की पहचान की गई थी।" यह विवाद ऐसे समय पर सामने आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन की यात्रा पर हैं, जिससे यह मामला और अधिक संवेदनशील बन गया है।

क्या है हादसे की पृष्ठभूमि?
12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया के एक बोइंग 787-8 विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से विमान में सवार और जमीन पर मौजूद कुल 260 लोगों की जान चली गई थी। इस विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे। इस भीषण हादसे में केवल एक ब्रिटिश नागरिक – विश्वास कुमार रमेश – जीवित बच पाए।

भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की हालिया प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि विमान के टेक-ऑफ़ के दौरान दोनों फ्यूल कंट्रोल स्विच कट-ऑफ़ पोज़िशन में चले गए थे, जो हादसे की एक अहम वजह बनी।

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया और शवों की पहचान पूरी सावधानी और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप की गई थी, और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हुई है तो उसे सुधारने के लिए वे ब्रिटेन के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।

Tags - Internationa। Internationa। News Big Internationa। News Breaking Internationa। News Country